Jasmine Health Benefits: चमेली का पौधा मनमोहक खुशबू के लिए जाना जाता है लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि यह एक प्रभावशाली जड़ी-बूटी भी है. आयुर्वेद में चमेली को औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है. सीधी के आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. विपिन सिंह ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि चमेली की खुशबू न केवल मन को प्रसन्न करती है बल्कि दिमाग को भी शक्तिशाली बनाती है और मानसिक तनाव को कम करने में मदद करती है. यही कारण है कि चमेली के फूलों का उपयोग कई आयुर्वेदिक दवाइयों के निर्माण में किया जाता है. चमेली के फूलों और तेल का उपयोग मानसिक तनाव को दूर करने के लिए बेहद कारगर है. इसकी खुशबू तंत्रिका तंत्र को शांत करती है और मन को गहरी शांति प्रदान करती है. चमेली में मौजूद प्राकृतिक रसायन तनावग्रस्त नसों को आराम देते हैं, जिससे चिंता और बेचैनी कम होती है. नियमित रूप से इसके तेल या खुशबू का उपयोग करने से अनिद्रा की समस्या दूर होती है और नींद की गुणवत्ता में सुधार होता है.