
- कॉपी लिंक

देश की एयरलाइन्स की फ्लाइट में तकनीकी खामी आने और फ्लाइट के कैंसिल होने का सिलसिला जारी है। सोमवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस की दो फ्लाइट और इंडिगो की एक फ्लाइट में प्रॉब्लम आई। वहीं, रविवार को एअर इंडिया की फ्लाइट से पक्षी टकराने के चलते अगली फ्लाइट कैंसिल कर दी गई।
तीनों फ्लाइट्स के बारे में विस्तार से जानिए…
1. एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर से दुबई की फ्लाइट
सोमवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर से दुबई की फ्लाइट में टेक ऑफ से ठीक पहले कॉकपिट में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद रनवे एरिया से पायलट ने फ्लाइट को फिर से एप्रन में पहुंचाया। इसमें 130 पैसेंजर्स सवार थे। 5 घंटे तक फ्लाइट को ठीक करने की कोशिश की गई। फिर भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद दुबई की इस फ्लाइट को रद्द करने का फैसला लिया गया।

2. दिल्ली से जम्मू जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट बिना लैंडिंग वापस लौटी
दिल्ली से जम्मू होते श्रीनगर जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट जम्मू एयरपोर्ट पर लैंडिंग किए बिना वापस दिल्ली लौट गई। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट नंबर IX-2564 को श्रीनगर से पहले जम्मू में उतरना था। मौसम और रनवे साफ थे, लेकिन पायलट को उचित लैंडिंग पॉइंट नहीं मिला। इसके बाद विमान वापस दिल्ली लौट आया।
3. इंडिगो की इंदौर से भुवनेश्वर की फ्लाइट
सोमवार को इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो विमान) तकनीकी खराबी के चलते रनवे के बीच से लौट आई। फ्लाइट में 80 से ज्यादा यात्री सवार थे। इंदौर एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि विमान में माइनर टेक्निकल फॉल्ट की जानकारी सामने आई थी। सुधार के बाद विमान इंदौर से भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गया है। विमान करीब ढाई घंटे तक रनवे पर खड़ा रहा। इस दौरान सभी यात्री विमान में ही बैठे रहे।

3. एअर इंडिया की तिरुवनंतपुरम से दिल्ली फ्लाइट
एअर इंडिया की तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को रविवार को कैंसिल कर दिया गया। दरअसल, इससे पहले दिल्ली से तिरुवनंतपुरम जाने वाली फ्लाइट की लैंडिंग के समय पक्षी टकरा गया था। इसके चलते वापसी की फ्लाइट (AI 2455) को रद्द करना पड़ा।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि 22 जून 2025 को तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI2455 को रद्द कर दिया गया है, क्योंकि विमान की लैंडिंग के बाद उसमें पक्षी से टकराने का शक हुआ। इसके बाद तकनीकी जांच करनी पड़ी। यात्रियों को होटल में ठहराया गया है और उन्हें रिफंड या नई बुकिंग दी जा रही है। दिल्ली जाने के लिए दूसरे इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
रविवार रात को भी एअर इंडिया की फ्लाइट हुई कैंसिल
रविवार देर रात एअर इंडिया की इंदौर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट भी कैंसिल हो गई थी। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया की AI804 फ्लाइट इंदौर से रात 10.25 बजे उड़ान भरकर रात 12.20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करती है, लेकिन यह फ्लाइट कैंसिल हो गई थी, जिसके बाद इंदौर एयरपोर्ट पर आए यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ा था।
वहीं, दिल्ली से इंदौर आने वाली एअर इंडिया की AI803 भी कल कैंसिल थी। यह फ्लाइट शाम 6.40 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरकर रात 8.15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। यह दोनों ही फ्लाइट रविवार को किस वजह से रद्द हुईं, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
एअर इंडिया ने 19 घरेलू रूट पर फ्लाइट्स की संख्या घटाई
एअर इंडिया ने तीन फ्लाइट्स को 15 जुलाई तक अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया है। इसमें दो इंटरनेशनल फ्लाइट बेंगलुरू से सिंगापुर, पुणे से सिंगापुर की हैं। वहीं एक डोमेस्टिक फ्लाइट है, जो मुंबई से बागडोगरा चलती है। एयरलाइन ने रविवार को सोशल मीडिया X पर इसकी जानकारी दी।
कंपनी ने बताया कि वे 19 रूट पर चलने वाली डोमेस्टिक फ्लाइट्स की संख्या भी घटा रहे हैं। ये सभी नैरोबॉडी विमान हैं, यह छोटे विमान होते हैं जिनमें यात्री क्षमता कम होती है। इससे पहले एयरलाइन ने वाइडबॉडी विमानों की संख्या 15% कम करने का फैसला लिया था।
उधर डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने एअर इंडिया को गंभीर चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर फ्लाइट ऑपरेशन में गड़बड़ियां जारी रहीं, तो एयरलाइन का लाइसेंस सस्पेंड किया जा सकता है या वापस भी लिया जा सकता है।

Discover more from हिंदी न्यूज़ ब्लॉग
Subscribe to get the latest posts sent to your email.