डिजिटल दौर में सेलेब्रिटीज की पहचान के गलत इस्तेमाल के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं. अब बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने अपनी इमेज, नाम और आवाज के मिसयूज को लेकर बड़ा कदम उठाया है. पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.
एक्टर ने उठाया बड़ा कदम
विवेक ओबेरॉय की ओर से वकील सना रईस खान ने कोर्ट में यह याचिका दाखिल की है. याचिका में कहा गया है कि यह अनधिकृत इस्तेमाल सिर्फ व्यावसायिक फायदे के लिए किया जा रहा है, जिससे अभिनेता की सार्वजनिक छवि को भी नुकसान पहुंच रहा है.
विवेक ओबेरॉय ने दर्ज किया केस
विवेक ने कोर्ट को बताया कि वह एक पब्लिक फिगर जरूर हैं, लेकिन उनकी पहचान पर पहला और कानूनी अधिकार उन्हीं का है. कोई भी व्यक्ति या संस्था उनकी अनुमति के बिना उनकी छवि या पहचान का इस्तेमाल नहीं कर सकती. अभिनेता ने यह भी कहा कि आज के डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीपफेक तकनीक और ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए किसी सेलेब्रिटी की तस्वीर और आवाज का गलत इस्तेमाल करना आसान हो गया है. अगर इस पर समय रहते रोक नहीं लगी, तो इससे न सिर्फ आर्थिक नुकसान होगा, बल्कि सामाजिक और मानसिक स्तर पर भी गंभीर असर पड़ सकता है.
कार्ट के सामने रखी मांग
विवेक ओबेरॉय ने अदालत से मांग की है कि उनके पर्सनैलिटी राइट्स की पूरी तरह से रक्षा की जाए और भविष्य में किसी भी तरह के अनधिकृत इस्तेमाल पर रोक लगाई जाए. उन्होंने साफ किया है कि उनकी यह याचिका रचनात्मक अभिव्यक्ति या पत्रकारिता की आजादी के खिलाफ नहीं है. उनका मकसद सिर्फ इतना है कि विज्ञापन, प्रमोशन, डिजिटल कंटेंट या किसी भी व्यावसायिक काम में उनकी पहचान का इस्तेमाल उनकी साफ-साफ सहमति के बिना न किया जाए.
बता दें कि विवेक ओबेरॉय की वकील सना रईस खान ने कोर्ट में दलील दी कि पर्सनैलिटी राइट्स व्यक्ति की गरिमा और निजता से जुड़े होते हैं. किसी सेलेब्रिटी की लोकप्रियता का गलत फायदा उठाकर मुनाफा कमाना कानून के खिलाफ है और इस पर सख्ती जरूरी है. अगर ऐसे मामलों में स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए, तो भविष्य में यह समस्या और गंभीर हो सकती है.
गौर करने वाली बात है कि हाल के सालों में कई भारतीय कलाकार और सार्वजनिक हस्तियां अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए अदालत का रुख कर चुकी हैं. डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते असर के चलते यह मुद्दा लगातार अहम होता जा रहा है.
About the Author

न्यूज 18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार का डिजिटल मीडिया में 9 सालों का अनुभव है. एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग, लेखन, फिल्म रिव्यू और इंटरव्यू में विशेषज्ञता है. मुनीष ने जामिया मिल्लिया इ…और पढ़ें
Discover more from HINDI NEWS BLOG
Subscribe to get the latest posts sent to your email.