रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है. 22 साल बाद यह पहली हिंदी फिल्म बन गई है, जिसने देशभर में 4 करोड़ से ज्यादा टिकट बेचे हैं. वर्ड-ऑफ-माउथ के दम पर आगे बढ़ी इस फिल्म ने ‘दंगल’, ‘पीके’, ‘बॉर्डर’, ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी 7 बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए एलीट फुटफॉल क्लब में एंट्री मार ली है.
नई दिल्ली. अक्षय खन्ना और रणवीर सिंह स्टारर स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर’ ने बॉलीवुड के बॉक्स ऑफिस पर रिलीज को दो महीने बाद भी रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रही है. फिल्म का सीक्वल यानी ‘धुरंधर 2’ की रिलीज से पहले फिल्म लगातार धमाका कर रही है. अब आदित्य धर की फिल्म ने आधुनिक बॉलीवुड इतिहास के सुनहरे पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है.

‘धुरंधर’ को देशभर में काफी पसंद किया गया. फिल्म ने देशभर में 4 करोड़ (40 मिलियन) से ज्यादा टिकट बेचकर वह मुकाम छू लिया है, जहां पहुंचना आधुनिक दौर की फिल्मों के लिए बेहद मुश्किल माना जाता है. खास बात यह है कि यह कीर्तिमान ऐसे समय आया है, जब ‘धुरंधर 2’ का टीजर रिलीज हुआ और पहले पार्ट की लोकप्रियता एक बार फिर चरम पर पहुंच गई.

5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने पहले दिन करीब 30 करोड़ रुपये की सम्मानजनक, लेकिन बहुत बड़ी नहीं मानी जाने वाली ओपनिंग ली थी. इसके बाद जो हुआ, वह वर्ड-ऑफ-माउथ सक्सेस का आदर्श उदाहरण बन गया. मजबूत कहानी, हाई-ऑक्टेन एक्शन और देशभक्ति के भाव ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा. नतीजा यह रहा कि फिल्म ने आने वाले हफ्तों में लगातार ग्रोथ दिखाई और कई बार नए सिंगल-डे रिकॉर्ड बनाए.
Add News18 as
Preferred Source on Google

ट्रेड एनालिस्ट्स की मानें तो सातवें हफ्ते के अंत तक फिल्म ने भारत में 800 करोड़ रुपये नेट और लगभग 1,000 करोड़ रुपये ग्रॉस का आंकड़ा पार कर लिया. औसतन 250 रुपये टिकट कीमत के आधार पर गणना की जाए तो ‘धुरंधर’ का फुटफॉल 4 करोड़ से ऊपर पहुंच चुका है. इस तरह यह 2001 की ‘गदर’ के बाद पहली हिंदी फिल्म बन गई है, जिसने देश में यह ऐतिहासिक संख्या छुई.

फिल्म ने भारत में 4 करोड़ से अधिक टिकट बेचकर एक अनूठा माइलस्टोन हासिल किया है, जो इसे भारतीय सिनेमा की एलीट क्लब में शामिल करता है. यह केवल 19वीं भारतीय फिल्म है, जिसने घरेलू बाजार में 40 मिलियन से ज्यादा फुटफॉल्स दर्ज किए हैं. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, यह उपलब्धि उन कई लेजेंडरी ब्लॉकबस्टर्स से भी आगे है, जिन्हें हासिल नहीं हो सकी. बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट्स में कहा गया है कि फिल्म की निरंतर थिएट्रिकल रन और औसत टिकट प्राइस के आधार पर यह आंकड़े अनुमानित हैं.

फुटफॉल के मामले में ‘धुरंधर’ ने कई दिग्गज फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. इसमें आमिर खान की ‘दंगल’ (3.7 करोड़) और ‘पीके’ (3.5 करोड़), सनी देओल की ‘बॉर्डर’ (3.7 करोड़), शाहरुख खान की ‘कुछ कुछ होता है’ (3.5 करोड़) और ‘कभी खुशी कभी गम’ (3.1 करोड़) शामिल हैं. यहां तक कि देव आनंद की ‘सीआईडी’ और राजकुमार की ‘लैला मजनूं’ जैसी क्लासिक्स को भी यह फिल्म पीछे छोड़ चुकी है.

हालांकि ‘शोले’, ‘मुगल-ए-आजम’, ‘मदर इंडिया’ और ‘बाहुबली 2’ जैसी 10 करोड़ से ज्यादा टिकट बेचने वाली फिल्मों के रिकॉर्ड से यह अभी दूर है, लेकिन आधुनिक सिनेमा के संदर्भ में ‘धुरंधर’ का यह कारनामा असाधारण माना जा रहा है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह एक भारतीय खुफिया अधिकारी की भूमिका में नजर आए, जो पाकिस्तान में एक खतरनाक मिशन पर है. अक्षय खन्ना, आर. माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे सितारों से सजी यह फिल्म अब तक 1,300 करोड़ रुपये से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर चुकी है.

अब सभी की निगाहें ‘धुरंधर: द रिवेंज’ पर टिकी हैं, जो 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. जिस रफ्तार से पहला भाग रिकॉर्ड बना रहा है, उससे उम्मीद की जा रही है कि सीक्वल भी बॉक्स ऑफिस पर नए इतिहास रचेगा.