
- कॉपी लिंक

फ्लाइट नंबर AI-171 ने 12 जून को दोपहर 1.38 बजे उड़ान भरी और 1.40 बजे हादसा हो गया। उस समय प्लेन 200 फीट की ऊंचाई पर था।
अहमदाबाद प्लेन हादसे में जान गंवाने वाले अब तक 208 मृतकों की पहचान DNA टेस्ट से हो चुकी है और 173 शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। यह जानकारी सिविल अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राकेश जोशी ने दी।
उन्होंने बताया कि अब तक जिन शवों को सौंपा गया, उनमें 131 भारतीय नागरिक, 4 पुर्तगाली, 30 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई और 6 गैर यात्री शामिल हैं।
हादसे के बाद 71 घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया था, जिनमें से अब केवल 7 मरीज इलाज करा रहे हैं। बाकी मरीजों को छुट्टी दे दी गई है।
उधर, एयर इंडिया ने बुधवार को कहा कि वह मिड जुलाई तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15% की कटौती करेगी। साथ ही कंपनी ने बताया कि एयर इंडिया अपने बोइंग 777 विमानों की भी जांच करेगी।

अहमदाबाद प्लेन क्रैश साइट का नया VIDEO

हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूदते स्टूडेंट्स।
अहमदाबाद में 12 जून को हुए प्लेन क्रैश के समय का एक नया वीडियो सामने आया। इस वीडियो में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं हॉस्टल की बिल्डिंग की तीसरी और चौथी मंजिल से कूदते हुए नजर आ रहे हैं।
एअर इंडिया का प्लेन मेस की बिल्डिंग में क्रैश हुआ था। इसका असर मेस के आसपास हॉस्टल की बिल्डिंग पर भी पड़ा। हॉस्टल की कई इमारतों में आग लग गई।
वीडियो में दिख रहा है कि जिस इमारत की बालकनी से स्टूडेंट्स उतरने की कोशिश कर रहे हैं, उसके दोनों तरफ आग लगी हुई है। स्टूडेंट्स चौथी मंजिल से चादर के सहारे तीसरी मंजिल पर आने की कोशिश कर रहे हैं।
राजकीय सम्मान के साथ रूपाणी का अंतिम संस्कार

एअर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट 12 जून को दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। इसमें पूर्व CM विजय रूपाणी का निधन हुआ था।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार राजकोट में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उन्हें 21 बंदूकों की सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी गई। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, गुजरात CM भूपेंद्र पटेल समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अहमदाबाद प्लेन क्रैश में रूपाणी का निधन हुआ था। इसके बाद चार्टर्ड प्लेन से शव को राजकोट लाया गया था।
12 जून को हुआ था हादसा, प्लेन सवार 241 की मौत हुई
12 जून को एअर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट AI-171 (787-8 बोइंग ड्रीमलाइनर) उड़ान के कुछ देर बाद ही क्रैश हुई थी। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज ऐंड सिविल हॉस्पिटल के हॉस्टल की बिल्डिंग से टकरा गया था।
इस हादसे में प्लेन में सवार 241 लोग (229 यात्री (एक जीवित) और 10 केबिन क्रू, 2 पायलट), हॉस्टल बिल्डिंग और बाकी 34 लोगों को मिलाकर 275 की मौत हुई है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, कुल मौत का अंतिम आंकड़ा सभी DNA टेस्ट होने के बाद साफ होगा।
टाटा ग्रुप मृतकों के परिजन को ₹1 करोड़ देगा
टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा- टाटा ग्रुप द्वारा मृतकों के परिजन को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सभी घायलों का इलाज पूरी तरह टाटा ग्रुप की ओर से कराया जाएगा। बी.जे. मेडिकल कॉलेज के छात्रावास (Hostel) के निर्माण में भी टाटा ग्रुप मदद करेगा।
अहमदाबाद प्लेन हादसे से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
Discover more from हिंदी न्यूज़ ब्लॉग
Subscribe to get the latest posts sent to your email.