
- कॉपी लिंक

मुनीर अहमद और मीनल खान की शादी मई 2024 में हुई थी।
पाकिस्तानी महिला से शादी करने वाले सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के जवान मुनीर अहमद को नौकरी से बर्खास्त किया गया है।
CRPF की 41 बटालियन के जवान मुनीर अहमद पर पाकिस्तानी महिला मीनल खान से शादी की बात छिपाने और अवैध तरीके से भारत में शरण देने का आरोप है।
CRPF ने कहा- मुनीर अहमद को सर्विस कंडक्ट और नेशनल सिक्योरिटी के लिए खतरा माना गया है। उसने मीनल को वीजा वैधता के खिलाफ जाकर भारत में पनाह दी।

तस्वीर 1 मार्च 2025 की है। मीनल के भारत आने के बाद मुनीर के गांव हंदवाल में प्रोग्राम हुआ था।
अब पढ़ें क्या है पूरा मामला…
22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा निलंबित किए थे। पाकिस्तानी महिला मीनल खान को भी देश छोड़ने का नोटिस मिला था।
30 अप्रैल को उन्हें अटारी बॉर्डर ले जाया गया था। CRPF जवान की पत्नी को पाकिस्तान डिपोर्ट की बात ने बहुत सुर्खियां बटोरी थीं।
इसके बाद बीजेपी नेता और वकील के कानूनी दखल के बाद मीनल को डिपोर्ट नहीं किया गया था। मीनल के पक्ष में इन लोगों ने जम्मू की भलवाल कोर्ट में अपील दायर की थी।
मीनल की मुनीर खान से मई 2024 में ऑनलाइन शादी हुई थी। मुनीर अहमद का परिवार जम्मू-कश्मीर के भलवाल में राब्ता तहसील के पास हंदवाल गांव का रहने वाला है।
मीनल मार्च 2025 में शॉर्ट टर्म वीजा पर भारत आई थी। उसने लॉन्ग टर्म वीजा के लिए अप्लाई किया था, जो गृह मंत्रालय में पेंडिंग था।

मीनल अहमद खान ने कहा था कि उसने लॉन्ग टर्म वीजा के लिए अप्लाई किया है।
मीनल ने कहा था- हम निर्दोष हैं, आतंक से कोई संबंध नहीं 30 अप्रैल को पाकिस्तान डिपोर्ट के लिए ले जाते वक्त मीनल ने कहा था- हम सब लोग आतंकवादी हमले की निंदा करते हैं, लेकिन निर्दोष लोगों को सजा देना कहां का न्याय है।
उसने कहा था कि मैंने वीजा बढ़ाने के लिए समय पर आवेदन किया था। हमें बताया गया था कि मंजूरी मिल जाएगी, लेकिन अब हम पति-पत्नी को अलग किया जा रहा है। कई बच्चों को मां-बाप से अलग किया जा रहा है। यह अमानवीय है।
मीनल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार भी लगाई थी और कहा था कि आतंकवाद के नाम पर निर्दोष लोगों को सजा देना ठीक नहीं है।
………………..
पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
शौर्य चक्र विजेता मुदासिर की मां पाकिस्तान डिपोर्ट नहीं होंगी: रिश्तेदार ने कहा- डिपोर्टेशन के लिए नहीं ले गए थे; पुलिस ने खबर को झूठ बताया

कश्मीर में रहने वाले 59 पाकिस्तानी नागरिकों को पाकिस्तान डिपोर्ट किया गया था। कहा गया था कि इनमें शौर्य चक्र विजेता (मरणोंपरांत) जम्मू-कश्मीर पुलिस के शहीद जवान की मां शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें…