
- कॉपी लिंक

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा था- पूरी तरह साफ है कि भारत का चुनाव आयोग समझौता कर चुका है।
अमेरिका दौरे पर 20 अप्रैल को राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव पर सवाल उठाए थे। इस पर चुनाव आयोग ने मंगलवार को बयान जारी किया। आयोग ने कहा- भारत में जिस पैमाने और सटीकता से चुनाव होते हैं, उसकी दुनिया भर में तारीफ होती है।
पूरा देश जानता है कि वोटर लिस्ट तैयार करने, वोटिंग और काउंटिंग समेत हर चुनाव प्रक्रिया में सरकारी कर्मचारी शामिल होते हैं। आयोग को बदनाम करने की कोशिश करना पूरी तरह से बेतुकी है।
चुनाव आयोग ने कहा- किसी के द्वारा फैलाई जा रही कोई भी गलत सूचना न केवल कानून का अपमान है, बल्कि खुद अपनी पार्टी के हजारों नियुक्त प्रतिनिधियों को भी बदनाम करता है। यह लाखों चुनाव कर्मचारियों के मेहनत को कम करता है, जो चुनाव में अथक और पारदर्शी तरीके से काम करते हैं।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका दौरे पर कहा था कि यह पूरी तरह साफ है कि भारत का चुनाव आयोग समझौता कर चुका है। सिस्टम में गड़बड़ी है।

राहुल गांधी ने अमेरिका दौरे के समय बॉस्टन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया था।
आयोग बोला- 2 घंटे में 65 लाख वोटिंग औसत से कम राहुल गांधी ने अमेरिका के बॉस्टन में कहा था कि महाराष्ट्र में 5:30 से शाम 7:30 के बीच 65 लाख वोटिंग हुई। एक वोट डालने में करीब 3 मिनट लगते हैं। 2 घंटे में 65 लाख वोटिंग नामुमकिन है। अगर आप गणित लगाएंगे तो पता चलेगा कि रात 2 बजे तक वोटर्स की लाइन लगनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इस पर चुनाव आयोग ने कहा- महाराष्ट्र चुनाव में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान केंद्र पर पहुंचे 6 करोड़ 40 लाख 87 हजार 588 वोटरों ने वोट किया। हर घंटे करीब 58 लाख वोट डाले गए। इनके हिसाब से हर दो घंटे में करीब 116 लाख मतदाताओं ने वोट किया होगा। इस लिहाज से दो घंटे में 65 लाख वोट पड़ना औसत से बहुत कम है।
राहुल ने आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र में जितने बालिग (18 साल से ज्यादा, वोट डालने के योग्य) हैं, उससे ज्यादा वोट पड़े हैं। इस पर चुनाव आयोग ने कहा- कानून के अनुसार वोटर लिस्ट चुनाव से ठीक पहले या साल में एक बार संशोधित होती है। वोटर लिस्ट की फाइनल कॉपी कांग्रेस समेत सभी पार्टियों को दी जाती है।
राहुल ने पहले भी वोटर्स लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाया था कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पहले भी महाराष्ट्र चुनाव में फर्जी तरीके से वोटर्स जोड़े जाने का आरोप लगाया था। इस साल फरवरी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़ी हुई। वोटर लिस्ट में नए मतदाता जोड़े गए, ताकि भाजपा की जीत हो सके। राहुल ने इलेक्शन कमीशन से वोटर्स का डेटा मांगा था।

राहुल के इलेक्शन कमीशन पर 4 आरोप
1. राहुल ने आरोप लगाया था कि लोकसभा चुनाव के लिए पांच साल में महाराष्ट्र में 32 लाख वोटर्स जोड़े गए, जबकि इसके पांच महीने बाद विधानसभा चुनाव के लिए 39 लाख वोटर्स को जोड़ा गया।
2. उन्होंने चुनाव आयोग से पूछा कि पांच महीने में पांच साल से ज्यादा वोटर्स कैसे जोड़े गए?
3. विधानसभा चुनाव में राज्य की कुल वयस्क आबादी से ज्यादा रजिस्टर्ड वोटर्स कैसे थे?
4. राहुल ने कहा कि इसका एक उदाहरण कामठी विधानसभा है, जहां भाजपा की जीत का अंतर लगभग उतना ही है जितने नए वोटर्स जोड़े गए।
राहुल ने कहा था- EC से वोटर्स के नाम-पते मांगे

दिल्ली में 7 फरवरी को राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की इस दौरान उनके साथ शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत और NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले मौजूद थीं।
महाराष्ट्र चुनाव को लेकर राहुल ने फरवरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने कहा था कि लोकसभा से पहले 32 लाख और विधानसभा से पहले 39 लाख वोट जोड़े गए। 5 महीने के भीतर 7 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं।
कांग्रेस सांसद ने कहा था कि हमने इलेक्शन कमीशन से कहा कि इसकी जांच करें। हमने वोटर लिस्ट, नाम-पते मांगे हैं। हम चाहते हैं कि उनके फोटोग्राफ भी दिए जाएं। लोकसभा और विधानसभा की वोटर लिस्ट हम चाहते हैं। कई मतदाताओं के नाम काटे भी गए हैं। ये दलित, अल्पसंख्यक वोट हैं। मैं कोई आरोप नहीं लगा रहा हूं, लेकिन क्या कुछ गड़बड़ी है।

हरियाणा चुनाव पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए थे कांग्रेस ने अक्टूबर 2024 में हरियाणा चुनाव के नतीजों पर भी सवाल उठाए थे। कांग्रेस ने EVM की गड़बड़ी का दावा करते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की थी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा था कि 20 सीटों पर मतगणना के दौरान EVM में गड़बड़ी पाई गई।
खेड़ा ने कहा, यह अजीब है कि जिन मशीनों में 99% बैटरी चार्ज रही, उन्हीं सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार हारे हैं। वहीं, 60-70% बैटरी चार्ज वाली मशीन वे हैं जिन पर कांग्रेस उम्मीदवार जीते हैं। मतगणना के दिन कुछ मशीनें 99% और बाकी सामान्य मशीनें 60-70% चार्ज थीं। हमारी मांग है कि जांच पूरी होने तक उन मशीनों को सील और सुरक्षित रखा जाना चाहिए।
————————————————–
राहुल के विदेशी दौरे से जुड़ी खबर भी पढ़ें…
राहुल बोले- सब कुछ मेड इन चाइना इसलिए भारत में रोजगार की दिक्कत, पित्रोदा ने कहा- राहुल के पास विजन

राहुल गांधी पिछले साल सितंबर में विपक्ष के नेता के तौर पर पहली बार विदेश दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने अमेरिका के टेक्सास राज्य में 2 कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने डलास में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। पूरी खबर पढ़ें…