
मंदिर में दोनों ने की शादी
जानकारी के अनुसार, रेखा कुमारी और प्रियंका कुमारी ने एक मंदिर में शादी की। शादी के बाद दोनों अहिरौली गांव चले गए, लेकिन परिवार वालों ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। रिश्तेदार और परिवार के लोग उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं। वायरल वीडियो में रेखा कह रही है कि वह योगापट्टी के डुमरी पंचायत के अहिरौली गांव की रहने वाली है। उसका वार्ड नंबर 4 है। वहीं दूसरी लड़की प्रियंका कुमारी चनपटिया थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव की रहने वाली है।
रेखा के भाई की साली है प्रियंका
बताया जा रहा है कि प्रियंका, रेखा के भाई की साली है। इस रिश्ते से दोनों का एक दूसरे के घर आना-जाना था। साथ रहते-रहते दोनों में प्यार हो गया। उन्होंने तीन दिन पहले एक मंदिर में शादी कर ली। रेखा ने वीडियो में कहा कि हमने शादी कर ली है। घर के लोग परेशान कर रहे हैं, इसलिए मैंने पुलिस को फोन लगाया था। हम दोनों बेतिया की रहने वाली हैं। तीन दिन पहले शादी की है। हमारा रिलेशन पांच माह से है। ड्रामा नहीं है। हमने सच में शादी की है। वायरल होने के लिए नहीं कर रही हूं। जिंदगीभर साथ निभाऊंगी। मैं कुछ भी करूं लेकिन घर का खर्चा चलाऊंगी और इसे खुश रखूंगी।
शादी से खुश हैं दोनों
प्रियंका कुमारी ने कहा कि वह इस शादी से बहुत खुश है. लेकिन अगर घरवाले उन्हें स्वीकार कर लेते तो और भी मजा आता। उसने कहा कि हर रोज मुझे दुख होता है कि हमारे रिश्ते को परिजनों ने मंजूरी नहीं दी। हालांकि NBT इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग इस अनोखी शादी के बारे में बात कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है।